एटा। दीपावली को लेकर मिष्ठान विक्रेताओं ने दुकानों में तरह-तरह की मिठाई सजा ली हैं। बड़ी मात्रा में पहले से ही स्टॉक तैयार कर रख लिया गया है। शासन का आदेश है कि मिठाई की ट्रे पर एक्सपायरी डेट लिखी जाए, जिससे कि ग्राहकों को दूषित मिठाई न मिले, लेकिन अधिकांश दुकानों पर डेट नहीं लिखी गई है।
मिठाई की दुकानों पर खराब मिठाई न बिके, इसके लिए पिछले साल अक्तूबर में खाद्य सुरक्षा एवं औषध्रि शासन ने नियम लागू किया था। जिसमें कहा गया था कि दुकानदारों को बताना होगा कि मिठाई कब बनी है और कब तक खाने के योग्य है। जिस ट्रे में मिठाई रखी जाए, उनकी एक्सपायरी डेट भी उसी ट्रे पर लगाई जाए, लेकिन मिष्ठान विक्रेता इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। इस समय दिवाली को लेकर मिठाई की दुकानें सजकर तैयार हैं, लेकिन कहीं भी काउंटर पर लगी ट्रे में एक्सपायरी डेट की स्लिप नहीं दिख रही।