एटा। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में कई जगहों पर सार्वजनिक शौचालय व मूत्रालय का निर्माण कराया जा रहा है। कार्य अधूरा होने पर ईओ ने सात दिन में निर्माण पूरा करने का नोटिस जारी किया था, लेकिन इससे अधिक समय बीतने के बावजूद सार्वजनिक शौचालय नहीं बन सके हैं। ठेकेदारों की मनमानी के चलते निर्माण अधूरा पड़ा है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय ने इसी माह के पहले सप्ताह में ठेकेदारों को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए थे कि सात दिन के अंदर अधूरे सार्वजनिक शौचालय व मूत्रालय का काम पूरा कराकर रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करें। लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। संबंधित अधिकारी भी इस बारे में कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। शहर के जेल रोड, नन्नूमल चौराहा, सकीट रोड आदि जगहों पर सार्वजनिक शौचालय व मूत्रालय अधूरे पड़े हुए हैं। ईओ ने बताया कि लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।