एटा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए नारेबाजी करते हुए जल्द निस्तारण की मांग की।संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि एनएचएम के संविदा कार्मिक स्वास्थ्य विभाग में 18 वर्ष से अधिक समय से लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने संविदा कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग की। कहा कि जब तक समान कार्य, समान वेतन की कार्रवाई पूरी नहीं होती, तब तक सभी संविदा कर्मचारियों के वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि कर उन्हें सम्मानजनक वेतन दिया जाए।उन्होंने एनएचएम संविदा कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। इसके साथ ही बढ़ती महंगाई और लंबे सेवा काल को देखते हुए महंगाई भत्ता, प्रभावी ईपीएफ सुविधा, नियोक्ता अंशदान और पद के अनुसार निर्धारित एचआरए देने की मांग रखी गई।संघ ने चिकित्सा इकाइयों पर उपलब्ध राजकीय आवास की सुविधा और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग भी की। कर्मचारियों ने संविदा कार्मिकों के लिए स्थानांतरण नीति को फिर से बहाल करने की मांग उठाई। वहीं, नियमित पदों पर होने वाली भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की मांग की गई। धरने के दौरान कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और शासन-प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान होतेंद्र, आरपी सिंह, दिलीप, बॉबी, अभिषेक शुक्ला, ग्याप्रसाद, सहित सैकड़़ों कर्मचारी मौजू रहे।