एटा। करीब छह माह से वेतन, एरियर व बोनस का भुगतान न होने पर पालिका के सफाई कर्मचारी सोमवार को भड़क गए। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद में प्रदर्शन कर अधिकारियों का घेराव किया। इस बीच जमकर पालिका विरोधी नारेबाजी की। वहीं सात दिन के अंदर समाधान न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
नगर पालिका परिषद में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सफाई कर्मचारी एकत्रित हुए। सौ से अधिक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि सेवानिवृत्त एवं मृतक आश्रित कर्मचारियों का पूर्ण भुगतान नहीं किया गया है। वहीं सेवा प्रदाता कर्मचारियों को बकाया पीएफ, वेतन व बोनस नहीं दिया जा रहा है। सफाई से संबंधित जरूरी सामान को लेकर भी आवाज उठाई। इस दौरान उन्होंने नौ सूत्री मांगपत्र नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय को सौंपा। संघ के अध्यक्ष मुकेश पहलवान, कोषाध्यक्ष राजवीर सिंह, महामंत्री पूरन सिंह, राजू विद्यार्थी आदि मौजूद रहे।