एटा। विधानसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। डीएम अंकित अग्रवाल ने निर्देश दिए कि सभी लाइसेंस धारकों के शस्त्र जमा कराने हैं। जिनके अभी तक नहीं हुए हैं, जमा कराएं। डीएम ने कहा कि 5 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। सभी एसडीएम यह तय करें कि 80 वर्ष से अधिक आयु एवं दिव्यांग मतदाताओं की सूची बीएलओ द्वारा तैयार कर चेक कर ली जाए तथा उसका सत्यापन भी कर लिया जाए।
चुनाव के लिए आने वाले केंद्रीय सुरक्षा बलों के ठहरने के लिए स्कूलों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाएं चेक कर ली जाएं। एसडीएम, क्षेत्राधिकारी यह भी देख लें कि फोर्स और पोलिंग पार्टियों के बूथों तक पहुंचने के लिए रास्ता खराब तो नहीं है। कोई दिक्कत है तो लोक निर्माण विभाग सही कराए। एसएसपी उदय शंकर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह ने चुनाव से जुडे विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा, एएसपी क्राइम स्नेहलता, सभी एसडीएम, सीओ, डीआईओएस मिथलेश कुमार, बीएसए संजय सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।