अलीगंज। सीमेंट कारोबारी संदीप गुप्ता हत्याकांड को लेकर दूसरे दिन बुधवार को भी अलीगंज में परिजनों व नगरवासियों का क्रमिक अनशन गांधी मूर्ति चौराहा पर जारी रहा। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग प्रमुख है। क्रमिक अनशन का बार एसोसिएशन ने भी समर्थन किया। अधिवक्ताओं ने हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग की। दूसरे दिन क्रमिक अनशन का नेतृत्व आयुष गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा सरकार इस केस में लीपापोती करने में लगी हुई है। मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
पुलिस न जाने किसके दबाव में है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अंबरीश सिंह राठौर ने कहा कि हत्याकांड घोर निंदनीय है। सरकार से मांग करते हैं कि इसकी सीबीआई जांच कराई जाए, जो भी अपराधी इस हत्याकांड में लिप्त हैं, बच न सकें। बार सचिव रतीराम, पूर्व अध्यक्ष वासुदेव सिंह शाक्य, नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुनीश्वर दयाल दुबे, एल्डर्स कमेटी के सदस्य प्रताप सिंह राठौर, अरुण कश्यप, कृष्णवीर सिंह तोमर, अरविंद कुमार वर्मा, शिवपाल सिंह यादव, राकेश दीक्षित, ब्रजमोहन सक्सेना, राजीव चौहान, रघुनाथ सिंह राठौर आदि अधिवक्ता व नगर के अन्य लोग धरने पर बैठे।