एटा। शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के भगीपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र पर एएनएम ने सोमवार को प्रदर्शन और नारेबाजी की। उनका कहना था कि वैक्सीन को कोल्डचेन से उठाने और जमा करने का काम उनका नहीं है। लेकिन उनसे कराया जा रहा है। सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड टीकाकरण कराया गया था। इसके बाद जब भगीपुर उपकेंद्र में बनाई गई कोल्डचेन पर एएनएम वैक्सीन बॉक्स जमा करने पहुंची तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। प्रेमलता, दीपमाला, कामिनी, अनीता, ममता, शालिनी गुप्ता आदि एएनएम का कहना था कि उनका कार्य लोगों को टीका लगाने का है।
जबकि टीकाकरण स्थल तक वैक्सीन पहुंचाने और वहां से वापस लाकर कोल्डचेन जमा करने का काम अन्य कर्मचारियों का है। लेकिन उनसे कार्य नहीं कराया जा रहा है। मजबूरन एएनएम को ही वैक्सीन उठाने और जमा करने के लिए आना पड़ता है। इसके अलावा एएनएम ने बीमार होने पर भी वेतन काटने, सीएल न देने के भी आरोप लगाए। कुछ समय बाद वहां पहुंचे डॉ. नकुल राना ने उनकी समस्याएं सुनकर समझाने की कोशिश की। लेकिन एएनएम सहमत नहीं हुईं। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पता किया जाएगा कि वहां ऐसा क्यों हुआ।