एटा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के तत्वावधान में शनिवार को तीसरे व अंतिम दिन एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य व समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से लखनऊ में आवाज उठाएंगे। इस दौरान जिले से 300 संविदा कर्मचारी लखनऊ के लिए रविवार को रवाना होंगे।
संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने कहा स्वास्थ्य विभाग में 18 वर्ष से अधिक समय से लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने संविदा कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग की। कहा कि जब तक समान कार्य, समान वेतन की कार्रवाई पूरी नहीं होती, तब तक सभी संविदा कर्मचारियों के वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि कर उन्हें सम्मानजनक वेतन दिया जाए।
उन्होंने एनएचएम संविदा कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। इस दौरान डॉ. नेहा, डॉ. अर्चना, शिवानी, पिंकी, पूजा, मीना, मनोरमा, तनु यादव, प्रीती, सुमन, ब्रजेश कुमार, डॉ. कुलदीप, पर्वत सिंह, डॉ. आरपी सिंह समेत संविदा कर्मी मौजूद रहे।