एटा। सिंचाई विभाग ने पिछले दिनों करीब 2.40 करोड़ रुपये से जिले के सभी बंबा, रजबहा की सफाई का दावा किया। जिसके बाद सिंचाई के लिए पानी छोड़ दिया गया, लेकिन अलीगंज तहसील क्षेत्र में बंबा सफाई के दौरान मुईद्दीनपुर से आगे करीब पांच किमी के टुकड़े की सफाई नहीं की गई। बंबे में छोड़ा गया पानी आगे नहीं बढ़ा और खेतों में घुस गया। जिससे नगला तुलसी में शनिवार रात करीब 200 बीघा क्षेत्र की फसल पानी में डूब गई है। सफाई न होने से क्षेत्र में बार-बार इस तरह की समस्या आ रही है।
बरसात के बाद अक्तूबर और नवंबर में सिंचाई विभाग की ओर से पानी रोककर नहरों, रजबहों, बंबों आदि की सफाई कराई जाती है। विभाग का दावा है कि इस बार भी सफाई कार्य इस समय सीमा में करा लिया गया। जबकि सिंचाई की जरूरत के समय पर दिसंबर की शुरूआत में पानी छोड़ दिया गया। जिसके बाद धुमरी स्थित बंबा में भी तेजी के साथ पानी आया, लेकिन सफाई न होने से पानी ठहर गया। आगे निकासी न हुई तो पानी गांव नगला तुलसी में आसपास के खेतों में भरने लगा। किसानों ने अपने स्तर से पानी रोकने के प्रयास किए, जो नाकाम रहे। गांव वालों के मुताबिक 20-25 किसानों की करीब 200 बीघा खेतों में पानी भरा हुआ है। इनमें हो रही सरसों, गेहूं आदि फसलें जलमग्न हो गई हैं और इनके खराब होने की आशंका बन गई है।