देवरिया: ईसीसी एजुकेटर से अश्लील हरकत और धमकी देने के आरोप में निलंबित प्रधानाध्यापक पर केस दर्ज
मामले की जानकारी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की थी। बीएसए ने करीब एक सप्ताह पहले प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद उन्हें ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया था।
विस्तार
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक विद्यालय की ईसीसी एजुकेटर से अश्लील हरकत करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने निलंबित प्रधानाध्यापक उदयलाल बौद्ध के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी प्रधानाध्यापक को शिक्षा विभाग पहले ही निलंबित कर ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध कर चुका है।
कार्यालय में बुलाकर अश्लील हरकत करने का है आरोप
पीड़िता के आरोप के अनुसार, प्रधानाध्यापक ने उन्हें विद्यालय के कार्यालय में बुलाकर अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना से परेशान होकर ईसीसी एजुकेटर ने पुलिस से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एक सप्ताह पहले हुई थी निलंबन की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की थी। बीएसए ने करीब एक सप्ताह पहले प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद उन्हें ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया था।
अब पीड़िता की तहरीर और पुलिस की छानबीन के आधार पर रामपुर कारखाना थाने में आरोपी के खिलाफ छेड़खानी और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।