Deoria News: दबिश देने गई पुलिस टीम पर पथराव, वाहन क्षतिग्रस्त; दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मी घायल
धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी के घर बृहस्पतिवार की रात दबिश देने गई गोरखपुर की साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम पर गांव वालों ने पथराव कर दिया। इसमें दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। करीब एक घंटे तक पुलिस भीड़ के बीच घिरी रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी के घर बृहस्पतिवार की रात दबिश देने गई गोरखपुर की साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम पर गांव वालों ने पथराव कर दिया। इसमें दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। करीब एक घंटे तक पुलिस भीड़ के बीच घिरी रही। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस इस मामले में आरोपी सहित परिवार के चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के जैदपट्टी गांव निवासी शंभू नाथ गुप्ता के खिलाफ गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। बृहस्पतिवार की देर शाम गोरखपुर के एम्स थाने की पुलिस और साइबर सेल की टीम बघौचघाट थाने पर पहुंची। आधी रात में स्थानीय थाने की फोर्स के साथ गोरखपुर की टीम जैदपट्टी गांव में शंभू के घर पहुंची। शंभू नाथ घर से बाहर निकला तो पुलिस टीम ने एक नोटिस पर साइन करने और साथ चलने की बात कही।
इस पर घर वाले शोर मचाने लगे और आरोपी भागकर घर में छिप गया। शोर सुनकर पहुंचे गांव वाले पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। पुलिस टीम गांववालों के बीच करीब एक घंटे घिरी रही। फिर पुलिस को मौके से लौटना पड़ा।
कुछ देर बाद बघौचघाट थाने से और फोर्स बुलाई गई। उसके बाद पुलिस ने कड़े विरोध के बीच घर में छिपे शंभू नाथ गुप्ता को गिरफ्तार किया। पथराव में सुरक्षा कर्मी वैभव श्रीवास्तव, बघौचघाट के दरोगा वीरेंद्र कुमार, सिपाही शैलेंद्र कुमार, अजीत चौधरी और गोविंद सिंह यादव को चोटें आईं, वहीं बघौचघाट थाने की गाड़ी का शीशा टूट गया।
इस मामले में एम्स थाने के दरोगा अखिलेश कुमार अरुण की तहरीर पर बघौचघाट थाने में आरोपी शंभू नाथ गुप्ता, उसकी मां सुगंधी देवी, पत्नी पूनम देवी व बहन किरन के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।