राजस्व और पुलिस के अधिकारी मिलकर निपटाएं भूमि विवाद : डीएम
रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर मंगलवार को डीएम अमित किशोर और एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने लोगों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस पर पहले से लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने भूमि विवाद के मामलों को राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को एक साथ मौके पर जाकर निस्तारित करने का निर्देश दिया।
डीएम की अध्यक्षता वाले समाधान दिवस पर कुल 79 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराई। इनमें से एक भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। इस अवसर पर राजस्व विभाग के 41, पुलिस के 16 और अन्य विभाग से संबंधित 22 मामले दर्ज किए गए। डीएम ने समाधान दिवस में आए अधिकारियों को मामलों के प्रभावी निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में अधिकारी कागजों में निपटारा कर रहे हैं। इसलिए हर समाधान दिवस पर पीड़ित बार-बार शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसानों की जमीन में एप्रोच बनाने की शिकायत पर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अभियंता से जवाब मांगा। इस अवसर एसडीएम संजीव कुमार यादव, तहसीलदार रामाश्रय, बीईओ गोपाल शरण मिश्र, बीडीओ कार्तिकेय मिश्रा, सीओ अंबिका, अधीक्षक डॉ. दिनेश यादव, पूर्ति निरीक्षक अनूप शाही आदि अधिकारी मौजूद रहे।