देवरिया में लूट की कोशिश: बाइक सवार बदमाशों ने कैश लूटने का किया प्रयास, फायरिंग में बदमाश सहित दो घायल
देवरिया जिले में सोमवार दोपहर को कैश वैन से रुपये लूटने की कोशिश की गई। लुटेरों ने गाड़ी पर अंधाधुन गोलियां चलाईं, जिससे एक कर्मचारी को गोली ल गई। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बदमाशों की लूट की कोशिश नाकामयाब हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहज गली में सोमवार दोपहर कैश लूटने के दौरान बदमाशों एवं गार्ड में हुई धक्का-मुक्की के बीच फायरिंग में बदमाश एवं निजी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल के इंमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां कर्मचारी की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
सीएमएस कंपनी के पांच कर्मचारी कैश वैन में सवार होकर दोपहर में शहर के बरहज गली में पहुंचे। जहां पर कुछ व्यापारियों से करीब तीस लाख रुपये का कलेक्शन कर एचडीएफसी बैंक में जमा करने के लिए जाने की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच एक व्यापारी से रुपये से भरा बैग लेकर कंपनी के कर्मचारी प्रभुनाथ पाण्डेय निवासी कोल्हुआ थाना मदनपुर जैसे ही वैन की तरफ बढ़े, इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश मास्क और हेलमेट लगाए पहुंचे और बैग छिनने लगे।
जब प्रभुनाथ ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उन्हें पिस्टल से पेट में गोली मार दी। जिससे वह घायल होकर गिर गए। यह देख सीएमएस कंपनी में गार्ड के रूप में तैनात होमगार्ड योगेंद्र तिवारी बदमाशों से उलझ गए। बदमाश ने योगेंद्र तिवारी पर पिस्टल तान दिया तो उन्होंने दो नाली बंदूक से एक बदमाश के पैर में गोली मार दी। जिससे वह घायल होकर छटपटाने लगा।
दो बदमाशों की तलाश जारी
बदमाश को गोली लगते ही उसे छोड़कर दो अन्य बदमाश फरार हो गए। मौके पर अफरा- तफरी मच गई, दुकानें बंद होने लगी, कुछ देर बाद अन्य कर्मचारियों ने घायल प्रभुनाथ को जिला अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बदमाश के पास से पिस्टल बरामद किया और अस्पताल में भर्ती कराया। जिसकी पहचान बरहज थाना क्षेत्र के भदिला दोयम गांव निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई है। जिसके खिलाफ गोरखपुर, महाराजगंज, जिले के कई थानों में लूट,बाइक चोरी और हत्या के मामले दर्ज है।
अभी वह महाराजगंज जेल से रिहा होकर जमानत पर घर आया था। घटना की जानकारी होने पर एसपी/डीआईजी डॉ. श्रीपति मिश्र, एएसपी राजेश कुमार, सीओ श्रीयश त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि कैश वैन में 25 से 30 लाख रुपये थे। उधर होमगार्ड की बहादुरी से खुश होकर एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने दस हजार का पुरस्कार दिया है। उन्होंने कहा है कि गार्ड ने अकेले बदमाशों से मोर्चा लेकर लूट की बड़ी घटना होने से बचा लिया।
एसपी डीआईजी ने कहा है कि कैश लूटने आए बदमाशों ने एक कर्मचारी को गोली मार कर लूट कर प्रयास किया, गार्ड के ललकारने पर बदमाश भागने लगे, जहां गार्ड के रूप में तैनात कोतवाली में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड ने गोली मार दी। रुपये और कर्मचारियों की जान बचाई है। जिसे दस हजार रुपये का नगद इनाम दिया गया है। विभागीय सम्मान के लिए पत्र लिखा जाएगा। फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।