रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण को लेकर कोटेदारों ने सोमवार को तहसील में प्रदर्शन किया। ई-पॉश मशीन वापस कर राशन बांटने से मना कर दिया। करीब चार घंटे तक चले आंदोलन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने उन्हें सुरक्षा कीट मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
कोटेदार संघ के अध्यक्ष रमापति शुक्ला और मंत्री रामकुमार सिंह के नेतृत्व में तहसील में जुटे कोटेदारों ने कहा कि वितरण के दौरान थोड़ी लापरवाही से कोटेदारों के परिवार पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी भी कोटेदारों पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। वितरण करते समय कोटेदारों को कोई सुविधा नहीं मिल रही। कोरोना संक्रमण में ड्यूटी कर रहे लोगों का बीमा हुआ है। उनके लिए कुछ भी नहीं हो रहा। एसडीएम ओमप्रकाश और डीएसओ विनय कुमार सिंह ने कोटेदारों की मांग पूरा कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद कोटेदार ई पॉश मशीन लेकर लौट गए। इस अवसर पर दिनेश गुप्ता, भोलानाथ मौर्या, शंभू प्रसाद, मनीष कुमार, प्रदीप शुक्ला आदि मौजूद रहे।