रिटायर्ड सिपाही की पिटाई से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामपुर कारखाना के बरवा मान सिंह में मंगलवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे आबकारी विभाग के रिटायर्ड सिपाही को कुछ लोगों ने लाठियों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
रिटायर्ड सिपाही की मौत के बाद दोनों पक्षों के लोग लामबंद हो गए। एसओ फोर्स के साथ पहुंचे और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों को नामजद किया है।
रामपुर कारखाना, बरवा मानसिंह में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे अखिलेश यादव और वैभव के बीच सुबह घूरा रखने को लेकर विवाद हो गया।
थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। विवाद की जानकारी होने पर आबकारी विभाग से रिटायर्ड सिपाही सुरेश यादव बीच बचाव करने पहुंचे।
आरोप है कि चुनावी रंजिश को लेकर अखिलेश ने रिटायर्ड सिपाही सुरेश यादव को पीट दिया। गंभीर हालत में सुरेश यादव जान बचाने के लिए मौके से घर की तरफ भागे।
आरोपी अखिलेश यादव पांच अन्य लोगों के साथ सुरेश के दरवाजे पर पहुंचा और दुबारा पीटना शुरू कर दिया। बेरहमी से पिटाई के चलते सुरेश की मौके पर मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद गांव वालों की मदद से परिवार वाले सुरेश को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के घरवालों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सीओ सुुशील सिंह, एसओ देवेंद्र विक्रम सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के पुत्र शिवनंद यादव की तहरीर पर पुलिस ने अखिलेश यादव, सुदामा सहित पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
सुदामा को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुरेश यादव के दूसरे बेटे का गवना फरवरी में होना है। जबकि एक बेटा आर्मी में नौकरी करता है। आबकारी विभाग से रिटायर होने के बाद सिपाही सुरेश यादव गांव में सामाजिक रूप से सक्रिय थे।