देसी बम मारकर अधेड़ की हत्या, सड़क जाम
खामपार इलाके के कुकुरघाटी में देसी बम मार कर अधेड़ की हत्या कर दी गई। घटना शनिवार शाम सवा छह बजे के करीब हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर बिहार की तरफ भाग निकले।
हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। दो माह पहले हुई भाई की हत्या में सुमन वादी था।
कुकुरघाटी के सुमन यादव (50) शाम को भटनी-भिंगारी मार्ग पर बने घोठा पर गाय देखभाल कर रहे थे। शाम करीब सवा छह बजे बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और सुमन पर देसी बम से हमला कर दिया।
मौके पर ही सुमन यादव की मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आसानी से बिहार की तरफ भाग गए। बम की तेज आवाज सुनकर चौराहे के लोग मौके पर पहुंचे तो सुमन यादव मृत पड़े थे।
सूचना के बाद एसओ राणा देवेन्द्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच में मौके पर देसी बस मिलने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने जब शव को कब्जे में लेने की कोशिश की तो नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि 28 अक्टूबर को महेन्द्र यादव की बम मार कर हत्या कर दी गई थी।
घटना में पांच लोगों को पुलिस ने नामजद किया था। हत्या में शामिल दो शूटर पुलिस की गिरफ्तर से अब भी दूर है। महेन्द्र यादव की हत्या में भाई सुमन यादव वादी था।
बदमाश काफी समय से सुमन को टारगेट किए हुए थे। धमकी मिलने के बाद भी खामपार पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना था कि हत्या पुलिस की लापरवाही के कारण हुई।
पुलिस लोगों को समझाने में लगी रही। सीओ भाटपाररानी ने बताया कि हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। बम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।