दबंगों ने निर्वस्त्र कर दलित दंपति को बुरी तरह पीटा
सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के दौलतियापुर गांव में जबरदस्ती फसल काटने का विरोध करने पर दलित दंपती को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है।
पीड़ित पक्ष ने एसपी से मामले की शिकायत की है। एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
दौलतियापुर की नीलम देवी का कहना है कि उसके पति कमलेश की 10 बीघा जमीन पर गांव के संजय सिंह, उसके भाई शैलेंद्र सिंह ने जबरन कब्जा कर रखा है। ये लोग हर बार उसकी फसल काट लेते हैं।
लोग देखते रहे लेकिन कोई बचाने नहीं आया
23 मार्च को संजय पक्ष उसके गन्ने के खेत की सिंचाई करने गया था। विरोध किया तो दबंगों ने उसे व उसके पति को निर्वस्त्र कर खेत में पीटा। लोग देखते रहे, लेकिन कोई बचाने नहीं आया।
इस मामले में एसओ एके सिंह का कहना है कि नीलम व उसके पति ने ठेके पर खेत संजय सिंह आदि को दिया है।
अब खेत छुड़ाना चाहती है, लेकिन एडवांस में लिए गए रुपये वापस नहीं कर रही। महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।