राजापुर (चित्रकूट)। तहसील क्षेत्र के तीन गांव में जहरीली शराब का कहर टूटने के बाद अब यह लहर जमौली व बिहरवां तक पहुंच गया है। जहरीली शराब पीकर पांच नये मरीज मंगलवार को सामने आए। जानकारी होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 108 एंबुलेंस से सभी को प्रयागराज अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया है। अब तक तिरहार क्षेत्र के छह गांवों के लोग जहरीली शराब की चपेट में आ गए हैं। इस प्रकार जहरीली शराब पीने से बीमार लोगों की संख्या 15 हो गई है और सभी प्रयागराज में भर्ती हैं। पहले से भर्ती 10 मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। जहरीली शराब पीने से इसी क्षेत्र के तीन गांव के सात लोगों की मौत हो चुकी है।
जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी ठेकेदार रामप्रकाश के भाई साहबतारा निवासी रामप्रसाद की भी तबीयत खराब हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि उसने भी इसी शराब का सेवन किया था। उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। उधर, थाना प्रभारी जयशंकर ने बताया कि रामप्रसाद की तबीयत शराब पीने से नहीं बल्कि दो दिन से भोजन न करने से खराब हुई है। इसके अलावा देवारी निवासी हरीनारायण, जमौली निवासी सुरेश निषाद, बिहरवां निवासी धर्मराज व कमलेश कुमार की भी तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस से डाक्टरों की टीम पहुंची। टीम ने प्राथमिक इलाज किया और प्रयागराज रेफर कर दिया है। परिजनों का दावा है कि जहरीली शराब पीने से ही तबीयत बिगड़ी है।