चित्रकूट। मनरेगा में काम के बावजूद मजदूरी न मिलने से परेशान महिलाआें को डीएम आवास के सामने धरना, प्रदर्शन महंगा पड़ गया। सदर एसडीएम के समझाने पर भी यह मजदूरी दिलाने की जिद पर अड़ी रहीं। इस पर कुछ देर में कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने धरना खत्म करा दिया। पुलिस सभी को कोतवाली ले गई। सदर एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने धारा 144 के उल्लंघन की कार्रवाई की है। वहीं महिलाओं ने कहा कि उन्हें इस नियम की जानकारी नहीं है।
सदर ब्लाक इलाके के ग्राम बगलई की मीरा, कुंता, लुढ़िया, सुखनंदी, कल्पना, शिवपतिया, रन्नू, फूला देवी, ऊषा आदि महिलाएं सोमवार को डीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गईं। इन्होंने बताया कि मनरेगा व आवास की मजदूरी के बावजूद भुगतान नहीं मिल रहा है। कई बार उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई। भुगतान नहीं मिला। मजदूरी न मिलने से परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। लॉकडाउन के चलते कहीं और मजदूरी नहीं मिल रही है। ऐसे में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धरने की सूचना पर सदर एसडीएम रामप्रकाश मौके पर पहुंच गए। महिलाओं ने शिकायती पत्र सौंपकर मजदूरी दिलाने की मांग की। एसडीएम ने भुगतान का आश्वासन देते हुए घर जाने के लिए समझाया। यह जिद पर अड़ी रहीं। पुलिस ने इन पर धारा 144 के उल्लंघन की कार्रवाई की है।