चित्रकूट में टप्पेबाजी: चलो कोरोना का पैसा आया है दिला दूं...कहकर उड़ाए रुपये, पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
राजापुर थाना क्षेत्र में बैंक से कोरोना का पैसा निकलवाने के बहाने ने टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। इंडियन बैंक से रुपये निकलवाने पहुंचे बाबा और नातिन से आरोपी 24,000 रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विस्तार
चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र में कस्बे के इंडियन बैंक शाखा राजापुर से नातिन और बाबा पैसा निकालने आए थे। इसी दौरान एक टप्पेबाज 24 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही बैंक के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला है।
सरधुआ थाना क्षेत्र के बरद्वारा की भावना रैकवार पुत्री किशोरीलाल रैकवार ने बताया कि अपने बाबा झल्लर के साथ बुधवार को 11 बजे इंडियन बैंक शाखा राजापुर से 25 हजार रुपये अपने खाते से निकाला था। पैसा लेकर बैंक के बाहर निकलने के बाद टप्पेबाज आया और बाबा को गुमराह करते हुए कस्बे के बढ़ई टोला ले गया।
वो कह रहा था कि कोरोना का रुपया खाते में आया है, चलो दिला दूं। इसी के चलते वह चले गए और फिर पासबुक मांगा। पासबुक दिखा ही रही थी कि टप्पेबाज पर्स से 24 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। काफी देर तक जब वह नहीं आया, तो घटना की सूचना शाखा प्रबंधक व पुलिस को दी।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह पुलिस टीम लेकर आनन फानन बैंक पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पेबाज की तलाश में जुट गई है। फिलहाल आरोपी को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। मामले की जांच चल रही है।
उद्योगपति के खाते से उड़ाए 50 हजार
वहीं, जिले के उद्योगपति विवेक अग्रवाल (विक्की) के बैंक खाते से ऑनलाइन 50 हजार रुपये उड़ा दिए गए। गुरुवार को उन्होंने बताया कि बैंक खाते से रुपये निकलने का कोई मैसेज भी मोबाइल में नहीं आया। बुधवार को जब खाते में लेनदेन हुआ, तो इसकी जानकारी हुई।
साइबर एक्सपर्ट अपराधियों ने खाते से रुपये उड़ा दिए हैं। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक, कोतवाली और साइबर क्राइम निरोधक टीम को दी गई। कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।