चित्रकूट। मंदाकिनी नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सर्वोदय सेवा आश्रम व अन्य समाजसेवी सत्याग्रह आंदोलन चला रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को शहर में कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें सपा के सदर विधायक अनिल प्रधान समेत कई समाजसेवी भी शामिल हुए।
मंदाकिनी नदी में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर नाले का गंदा पानी डाला जा रहा है। इसके साथ ही नदी की जलधारा में कई स्थानों पर अवरोध उत्पन्न कर देने से जलधारा की गति मंद पड़ गई है। इससे नदी में प्रदूषण हो रहा है।
रविवार को कैंडल मार्च शहर के मंदाकिनी घाट के राजाघाट से होते हुए पटेल तिराहे तक निकाला गया। इस मौके पर कम्युनिस्ट पार्टी के मंडल सचिव रूद्र प्रसाद मिश्र, सर्वोदय सेवा आश्रम के निदेशक अभिमन्यु सिंह, मो. अख्तर, मनोज द्विवेदी, गणेश मिश्र, परितोष द्विवेदी सहित अन्य मौजूद रहे।