UP Nikay Chunav 2023: पीडीडीयू नगर पालिका से सभी दलों ने खोले पत्ते, सपा के बागी को कांग्रेस ने दिया टिकट
UP Nikay Chunav 2023: पीडीडीयू नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा ने मालती देवी सोनकर, कांग्रेस ने सविता खरवार, बसपा ने दीपा और सपा ने अनीता सोनकर को उम्मीदवार बनाया है। इसमें सबसे रोचक नाम सविता खरवार का है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में नामांकन की अंतिम तिथि के एक दिन पहले सभी प्रमुख दलों ने अपने पत्ते खोल दिए। पीडीडीयू नगर (पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर) पालिका अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मालती देवी सोनकर, कांग्रेस ने सविता खरवार, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने दीपा और समाजवादी पार्टी (सपा) ने अनीता सोनकर को उम्मीदवार बनाया है।
इसमें सबसे रोचक नाम सविता खरवार का है। उनके पति उदय खरवार कल तक समाजवादी पार्टी से जुड़े थे। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। रविवार को कांग्रेस ने उदय की पत्नी सविता को प्रत्याशी घोषित कर दिया। फिलहाल उम्मीदवारों की घोषणा के बाद से चुनावी माहौल में गर्मी आ गई है। उम्मीदवारों ने जीत के लिए बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। रविवार को नामांकान के लिए गहमागहमी रहेगी। चुनाव चार मई को है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में BJP ने 100 वार्डों में उतारे प्रत्याशी, पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह, पूरी सूची
नामित सभासद की मां पर भाजपा ने जताया भरोसा
भाजपा की उम्मीदवार और स्व. रामतिलक सोनकर की पत्नी मालती सोनकर पार्टी में बूथ कमेटी सदस्य हैं। पीडीडीयू नगर के गिधौली वार्ड की रहने वाली है। उन्होंने जूनियर हाईस्कूल तक शिक्षा ग्रहण की है। उनका पुत्र अशोक सोनकर निवर्तमान जनप्रतिनिधि बोर्ड में नामित सभासद हैं। इसके अलावा भाजयुमो में जिला उपाध्यक्ष के पद पर हैं।
पति के घर वापसी पर पत्नी को मिला टिकट
समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार अनीता सोनकर बिछड़ी वार्ड की रहने वाली है। कक्षा आठ तक शिक्षा ग्रहण की है। पति राजाराम सोनकर ने वर्ष 2017 में सपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दल प्रत्याशी के तौर पर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ा था। हार गए थे। बाद में फिर से सपा में शामिल हो गए। राजाराम सोनकर बिछड़ी वार्ड से तीन बार सभासद भी रहे हैं। इस बार सपा ने इनकी पत्नी पर दाव खेला है।
दीपा के पति के बसपा से लड़ चुके हैं चुनाव
बसपा की उम्मीदवार दीपा नगर के गिधौली वार्ड की रहने वाली हैं। राजनीतिशास्त्र से एमए तक की शिक्षा ग्रहण की है। इनके पति एडवोकेट मुकेश कुमार ने वर्ष 2017 में बसपा से नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रहे थे।
सपा से नहीं मिला टिकट तो थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस की घोषित उम्मीदवार सविता खरवार पीडीडीयू नगर के न्यमहाल वार्ड की रहने वाली है। उन्होंने कक्षा दस शिक्षा ग्रहण की है। सविता खरवार के पति उदय खरवार चाय व लस्सी का व्यवसाय करते हैं। उदय ने वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान चकिया विधानसभा से सपा से टिकट भी मांगा था। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सपा से टिकट मांग रहे थे। लेकिन वहां से टिकट नहीं मिलने के बाद इन्होंने कांग्रेस का दामन थामा और अपनी पत्नी के लिए दावेदारी की। जिसपर कांग्रेस ने उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया।