{"_id":"5f42c75a8ebc3e3cc621c1b8","slug":"two-teenagers-kidnapped-from-chhattisgarh-recovered-from-chandauli","type":"story","status":"publish","title_hn":"छत्तीसगढ़ से अपहृत दो किशोरियां चंदौली से बरामद, अभिनेत्री बनाने का झांसा देता था आरोपी आरकेस्ट्रा संचालक ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छत्तीसगढ़ से अपहृत दो किशोरियां चंदौली से बरामद, अभिनेत्री बनाने का झांसा देता था आरोपी आरकेस्ट्रा संचालक
Mon, 24 Aug 2020 01:15 AM IST
स्वाधीन तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंदौली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंदौली
Published by: स्वाधीन तिवारी
Updated Mon, 24 Aug 2020 01:15 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ से आई पुलिस ने चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली पुलिस के साथ रविवार को सुबह तेंदुईपुर गांव के एक डीजे संचालक के यहां से अपहृत कर लाई गई दो किशोरियों को बरामद किया। इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस एक युवक को पूछताछ के लिए साथ ले गई। किशोरियों के परिजनों ने छत्तीसगढ़ के भाठापारा थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ के भाठापारा थानाक्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 20 अगस्त को अपनी दो पुत्रियों के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस किशोरियों की तलाश में जुटी थी। दोनों किशोरियों का लोकेशन जिले के तेंदुई गांव के आसपास मिली।
विज्ञापन
इसके बाद रविवार को छत्तीसगढ़ के डिप्टी एसपी लारेस शाहू के नेतृत्व में आई पुलिस और कोतवाली पुलिस ने तेंदुईपुर गांव के समीप दबिश देकर एक डीजे संचालक के यहां से दोनों अपहृत किशोरियों को बरामद कर लिया। डीजे संचालक युवक को भी हिरासत में ले लिया गया। डिप्टी एसपी ने बताया कि दो किशोरियों के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में कई डीजे संचालक आरकेस्ट्रा का संचालन करते हैं। इनमें नेपाल, बिहार, छत्तीसगढ़, कोलकाता और अन्य प्रदेशों, शहरों की कम उम्र की लड़कियों को अभिनेत्री बनाने व मोटी कमाई का झांसा देकर नाचने-गाने पर विवश करते हैं। ग्रामीणों ने एसपी से अभियान चलाकर आरकेस्ट्रा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
अवैध शराब के धंधे में जेल जा चुका है डीजे संचालक
हिरासत में लिए गए डीजे संचालक को पूर्व में कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के धंधे में पकड़ा था। पुलिस ने उस पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। वह जमानत पर छूटने के बाद आरकेस्ट्रा का संचालन कर रहा था।