चंदौली: छह शिक्षकों ने कमरे में बंद कर छात्र को बेरहमी से पीटा, बेहोश होने पर बाहर फेंका
चंदौली में 11वीं के छात्र को शिक्षकों ने कमरे में बंद कर पीटा। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंदौली में पीडीडीयू नगर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में प्रार्थना के दौरान हूटिंग का आरोप लगाकर 11वीं के छात्र को शिक्षकों द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र को कमरे में बंद कर तब तक पीटा गया जब तक वह बेहोश न हो गया। उसके बाद उसे बाहर फेंक दिया गया। जानकारी होने पर युवक का भाई पहुंचा तो शिक्षक भाग गए।
हालत गंभीर होने पर छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के फगुईयां गांव निवासी अलाउद्दीन अंसारी का पुत्र अबरार अंसारी (20) मुख्यालय स्थित एक इंटर कॉलेज में 11वीं की कक्षा में पढ़ता है। उसके भाई अब्बास अली ने बताया कि स्कूल में सुबह प्रार्थना हो रही थी।
इसी दौरान किसी छात्र ने शिक्षक को लेकर कुछ गलत नाम से बुलाया और हूटिंग की। जिसके बाद विद्यालय के छह शिक्षक मिलकर उसके भाई को कमरे में ले गए और बेरहमी से पीटने लगे। वे तब तक पीटते रहे जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद उसे बाहर फेंक दिया गया। अब्बास ने बताया कि मुझे विद्यालय के एक छात्र ने सूचना दी।
जिसके बाद मैं जब विद्यालय पहुंचा तो बच्चों ने बताया कि शिक्षकों ने उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। इसके बाद वह चिकित्सालय में गया तो वहां खड़े सभी शिक्षक भाग गए। चिकित्सालय के डॉक्टर ने बताया कि इसकी हालत गंभीर है। फिर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वह रह रहकर बेहोश हो जा रहा है। इसकी लिखित तारीख सदर कोतवाली पुलिस को दी है। इसके बाबत सदर कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि छात्र के भाई अब्बास की ओर से तहरीर मिली है। इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छात्र चिल्लाता रहा... सर सांस का मरीज हूं, सिर पर मत मारिए, फिर भी नहीं माने
जिला अस्पताल में भर्ती छात्र अबरार ने रोते हुए कहा कि पीटने के दौरान शिक्षकों से मैं गुहार लगा रहा था कि सर मैँ सांस का मरीज हूं। मुझे सिर पर मत मारिए लेकिन वे नहीं माने और मुझे मारते रहे। मैं कहता रहा कि मेरे भाई को बुला दीजिए, मेरी तबीयत खराब हो रही है लेकिन उन लोगों ने कहा कि यह नाटक कर रहा है। शिक्षक का बेटा भी मुझे धमकी दे रहा था कि यह नहीं बाहर निकलोगे तो और मारूंगा।
कार्रवाई के लिए एसपी से मिले सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता
छात्र को बेरहमी से पीटने के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज काका ने एसपी डॉ. अनिल कुमार से शुक्रवार को मुलाकात की। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की और बाहर आकर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि एसपी ने जांच कर निश्चित कार्रवाई की बात कही है। इस प्रकार एक विद्यालय में एक छात्र की पिटाई कैसे की जा सकती है। हम छात्र और छात्र के परिजन के साथ हैं।