नौगढ़। विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में सोमवार को खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाध्यापक लाल बहादुर मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कैरम प्रतियोगिता में अंशु और चंद्रकला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में शशिकांत और अंशु अपने-अपने वर्ग में विजेता बने। सभी विजेता प्रतिभागियों का चयन ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक लाल बहादुर मौर्य ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेल अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है।