डीडीयू जंक्शन: संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की एसी खराब होने पर यात्रियों ने किया हंगामा, 35 मिनट खड़ी रही ट्रेन
में आरपीएफ डीडीयू प्रभारी संजीव कुमार ने बताया की स्टेशन पर यात्रियों द्वारा हंगामा की सूचना के बाद मौके पर आरपीएफ की टीम ने किसी प्रकार यात्रियों को समझाकर उन्हें शांत कराया। जिसके बाद ट्रेन के एसी की मरम्मत कराई गई।
विस्तार
नई दिल्ली से गुवाहाटी जा रही 04032 पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के यात्रियों ने सभी कोचों की एसी खराब होने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को डीडीयू जंक्शन (मुगलसराय) पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन को चार बार एसीपी कर प्लेटफॉर्म पर ही रोक दिया। आरपीएफ की टीम ने किसी प्रकार यात्रियों को समझाकर उन्हें शांत कराया। एसी की मरम्मत कराई गई और ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान लगभग 35 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रेन के सभी वातानुकूलित कोचों की एसी खराब है। जिसकी शिकायत करने के बाद भी कोई इंतजाम नहीं किया गया। एसी बंद होने से कोच में सफर कर रहे सभी यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों की तबियत खराब हो जा रही है।
यात्रियों का कहना था कि हमने अपनी सुविधा के लिए एसी कोच में रिजर्वेशन करवाया था। लेकिन एसी बंद होने से दिक्कतों के साथ सफर करना पड़ रहा है। शिकायत करने के बाद भी रेलवे का कोई सक्षम अधिकारी यह जानने के लिए नहीं आया कि पूरा किराया देने के बाद भी यात्रियों को कितनी दिक्कतें हो रहीं हैं।
इस संबंध में आरपीएफ डीडीयू प्रभारी संजीव कुमार ने बताया की स्टेशन पर यात्रियों द्वारा हंगामा की सूचना के बाद मौके पर आरपीएफ की टीम ने किसी प्रकार यात्रियों को समझाकर उन्हें शांत कराया। जिसके बाद ट्रेन के एसी की मरम्मत कराई गई। ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों ने चार बार एसीपी की थी और 35 मिनट तक ट्रेन डीडीयू जंक्शन पर ही खड़ी रही।