अटक गई थी सांसें: चलती ट्रेन के नीचे आने वाला था यात्री, फरिश्ता बनकर आए आरपीएफ के जवान ने यूं बचा ली जान
डीडीयू जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री गिर गया। यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरा और करीब 50 मीटर तक ट्रेन के नीचे फंसा रहा। इस बीच आरपीएफ जवानों की सक्रियता से उसकी जान बच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्रेन से यात्रा करते हुए जरा सी लापरवाही आपकी जान पर भारी पड़ सकती है। ऐसा ही एक वाकया हावड़ा-दिल्ली रूट पर अतिव्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन से सामने आया है। जहां एक शख्स मौत के चंगुल में आते-आते बच गया। चलती ट्रेन में दौड़ लगाकर डिब्बे में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री ट्रेन के गेट से गिर गया और घिसटने लगा। तभी प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ के एएसआई राकेश सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर तत्काल यात्री को खींचकर बचा लिया। घटना बुधवार रात की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जरा सी देर होने पर यात्री की जान जोखिम में आ जाती। करीब 50 मीटर तक घिसटने के कारण यात्री को हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद वह ट्रेन से पटना के लिए रवाना हो गया। फरक्का एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान हादसा हुआ था। इस दौरान नजारा देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं थीं।
ट्रेन खुलने के बाद पहुंचा था यात्री
नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रही डाउन फरक्का एक्सप्रेस बुधवार रात पौने नौ बजे डीडीयू जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची। निर्धारित ठहराव के बाद रात नौ बजे ट्रेन खुल गई। ट्रेन ने जब गति पकड़ी तभी एक व्यक्ति दौड़ते हुए गाड़ी के जनरल कोच में चढ़ने लगा। दरवाजे के हैंडल पकड़ते समय उसका पैर फिसल गया। इसकी वजह से यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच में फंसकर घिसटने लगा।
ये भी पढ़ें: अगले साल से वाराणसी-गोरखपुर का सफर तीन घंटे में होगा पूरा, अभी लगते हैं छह घंटे से भी अधिक
नजारा देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग चीख पड़े। प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ पीडीडीयू पोस्ट पर तैनात एएसआई राकेश सिंह और अन्य जवानों ने गार्ड को सूचित करने के साथ ही दौड़ पड़े। ट्रेन के साथ प्लेटफॉर्म पर घिसट रहे यात्री को खींचकर बाहर निकाला। तब तक वह करीब 50 मीटर तक घसीट चुका था। इस बीच यात्रियों ने भी चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी।
यात्री की जान बच गई यह जान लोगों ने राहत की सांस ली। आरपीएफ ने यात्री को पोस्ट पर लाकर प्राथमिक उपचार किया। उसने अपना नाम प्रभात प्रकाश साह (35) निवासी दीघा घाट पटना बताया। इसके बाद वह दूसरी ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना हो गया।
चलती ट्रेन को पकड़ने की कोशिश में अक्सर होते हैं हादसे
सोशल मीडिया पर ट्रेन हादसों की वीडियो वायरल होती रहती हैं। इसमें अधिकतर हादसे चलती ट्रेन को पकड़ने की कोशिश में होते हैं। कई हादसे ऐसे भी होते हैं जिसमें चलती ट्रेन से यात्री जल्दी में उतरने की कोशिश करते हैं, लेकिन हादसे के शिकार हो जाते हैं। भारतीय रेलवे अपने यात्रियों से लगातार सुरक्षित यात्रा करने की अपील करता है।