पीडीडीयू नगर। रविनगर स्थित कैंप कार्यालय पर सोमवार को अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की बैठक की गई। बैठक में नेत्रदान, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग पर रोक तथा स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को संचालित करने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा समिति द्वारा प्रतिवर्ष किए जाने वाले प्रमुख आयोजनों, जैसे हरियाली तीज और करवा चौथ कार्यक्रमों की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति की अध्यक्ष साधना अग्रवाल और सचिव कविता बंसल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करना ही नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण, नेत्रदान और अन्य जनहित के विषयों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। संस्था इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए भी सदैव तत्पर रहती है और भविष्य में भी सेवा एवं जागरूकता के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। बैठक में शीला गुप्ता, सुनीता गर्ग, अंशु अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, शशि अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, मधु अग्रवाल, नीतू महलका, अल्का अग्रवाल आदि मौजूद रही।