Gold Smuggling: 94 लाख के सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्टेशन पर कर रहा था ट्रेन का इंतजार
पीडीडीयू नगर स्टेशन पर जीआरपी ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके बैग से 94 लाख का सोना बरामद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने तस्करी कर ले जाए जा रहे 94 लाख के सोने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्कर गया से सोना लेकर नई दिल्ली जा रहा था। गुरुवार रात पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर तस्कर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। सोना और तस्कर को आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग की टीम कर रही है।
शनिवार को जीआरपी पीडीडीयू नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार रात निरीक्षक मनोज यादव दल बल के साथ गश्त कर रहे थे। इसी बीच लगभग 11 बजे प्लेटफॉर्म संख्या तीन और चार के पश्चिमी छोर पर शौचालय के समीप एक संदिग्ध युवक दिखा।
कमिशन के लिए सोने की तस्करी
उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें सोने की पांच सिल्ली और दो अर्नामेंट सोना बरामद हुआ। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई तो अपना नाम विक्रम कुमार निवासी बांके बाजार गया (बिहार) बताया। इसकी सूचना आयकर विभाग को दी गई।
आयकर विभाग की टीम शुक्रवार रात पीडीडीयू नगर स्टेशन पहुंची। जांच में सोने का वजन 1855.690 ग्राम मिला। बरामद सोने की कीमत 94.80 लाख 806 रुपये है। युवक ने स्वीकार किया कि वह दूसरे व्यापारी का सोना गया से नई दिल्ली पहुंचाता है। इसके बदले उसे कमिशन मिलता है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।