चंदौली में मुठभेड़: 50 हजार के इनामी बदमाश को लगी गोली, दूसरा फरार, सिपाही भी घायल
चंदौली में अलीनगर थाना के बिलारीडीह में शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।
विस्तार
यूपी के चंदौली जिले में बिलारीडीह के पास शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार का इनामी दिनेश सोनकर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका साथी अमन फरार हो गया। एक सिपाही भी गोली लगने से घायल है।
पुलिस ने घायल बदमाश और सिपाही को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि बीते 21 मार्च को अलीनगर थाना क्षेत्र के खरा गांव के समीप सेल्समैन से हुई लूट की घटना में घायल बदमाश दिनेश सोनकर शामिल था। उक्त घटना की जांच में दो बदमाश लल्लू गुप्ता और अनिल को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
कई जिलों में दिनेश सोनकर पर मुकदमे
उन्हीं से ये पता चला था कि दिनेश और अमन किसी लूट को अंजाम देने के लिए हाईवे पर जाएंगे। उक्त सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह बिलारीडीह के पास नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर बदमाशों को रोका। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश दिनेश सोनकर के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी अमन यादव मौके से फरार हो गया।
जबकि एक पुलिसकर्मी मनीष को भी पैर में गोली लगी। पुलिस अधीक्षक के अनुसार कुछ दिनों पूर्व उक्त बदमाश वाराणसी के मिर्जामुराद, जौनपुर के जलालपुर आदि जगहों पर हुई लूट की घटना में शामिल रहा। कब्जे से बाइक, एक तमंचा, दो कारतूस व 73 हजार रुपए बरामद हुए। घटना स्थल पर एएसपी चिरंजीवी मुखर्जी, सीओ सदर, एसएचओ विनय प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।