नियामताबाद। रामनगर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन व यूपीसीडा के सदस्यों की संयुक्त बैठक बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित एसोसिएशन के कार्यालय में हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही कुछ उद्यमियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष नाथ ने कहा कि उद्यमियों के समस्याओं का समाधान व उनको सुविधाएं प्रदान कराना विभाग की प्राथमिकता है। उद्यमियों की समस्याओं को यथाशीघ्र दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में लगी स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट को तत्काल ठीक कर दिया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र में आवंटियों के लिए सभी सुविधाएं पूरी तरह से ऑनलाइन करने का प्रावधान कर दिया गया है। इनमें दो दर्जन सेवाएं निवेश मित्र व चार सेवाएं यूपीसीडा के पोर्टल के माध्यम से दी जा रही हैं। इससे उद्यमियों के कार्यों को समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उद्यमियों की सहूलियत के लिए एसोसिएशन की मांग पर सरकार ने मेंटनेंस चार्ज भी घटा दिया है। कहा कि ब्याज दर 14 की जगह घटाकर 8.5 प्रतिशत कर दिया गया है। कोरोना काल के दौरान कंपनी को यूनिट लगाने के लिए शुल्क माफ कर दिया गया है। वहीं छह महीने की अवधि बढ़ाने की बात कही गई है और विलंब शुल्क में भी कमी कर दी गई है। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग गौरव मिश्रा, अध्यक्ष डीएस मिश्रा, राकेश जायसवाल, सुरेश पटेल, शैलेंद्र कुमार सिंह, अरविंद अग्रवाल, शिवकुमार श्रीवास्तव, रवि गुप्ता, सुप्रिया जायसवाल, जुगनू तिवारी आदि मौजूद रहे।