पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे पीपीपी मोड़ से गुड्स शेड का निर्माण करने वाला भारत का पहला रेल बन गया है। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन के गुड़स शेड के साथ धनबाद मडल के भुरकुंडा शेड का विकास किया गया। इससे माल ढुलाई में बढ़ोत्तरी होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि रेलवे माल ढुलाई बढ़ोत्तरी के लिए अनेक कदम उठा रही है। इसी का नतीजा है कि पीडीडीयू मंडल के इस्माइलपुर में गुड्स शेड का निर्माण करने का गौरव हासिल किया है। इसके अलावा पीडीडीयू मंडल के सोननगर और मानपुर में नए गुड्स शेड का निर्माण का प्रस्ताव है। इसी तरह धनबाद मंडल में डाल्टेनगंज, कुजू, सिंदरी मार्शेलिंग यार्ड, समस्तीपुर मंडल में भागवानपुर देसुआ, खजौली, रिगा तथा सोनपुर मंडल में खगड़िया और नयागांव स्टेशन पर पीपीपी माडल से गुड्स शेड का निर्माण किया जाना है। माल ढुलाई में हिस्सेदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राहकों से सीधे संवाद के लिए मंडलों में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट का गठन किया गया है। इसका नतीजा है कि वित्तीय वर्ष 31 मार्च, 2022 तक पूर्व मध्य रेल की ओर से 167.03 मिलियन टन का माल लदान किया गया। इससे 19327.37 करोड़ रुपये राजस्व मिले हैं। यह भारतीय रेलवे के सभी क्षेत्रीय रेलवे में चौथा सबसे ज्यादा माल लदान तथा तीसरा सबसे ज्यादा माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व है।