चंदौलीः पानी भरने गई महिला पर गिरी तहसील भवन की जर्जर दीवार, अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत
नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघी गांव के किला रोड निवासी डंगर मद्धेशिया की पत्नी बिलासा (38) पास में लगे नल से पानी भरने गई थी। काशी नरेश के समय की बनी तहसील के जर्जर इमारत के एक हिस्से की दीवार अचानक भरभराकर बिलासा पर गिर पड़ी।
विस्तार
चंदौली जिले के बाघी गांव में शुक्रवार सुबह तहसील भवन की जर्जर दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के वक्त महिला दीवार के पास लगे नल से पानी भरने गई थी। घटना की जानकारी के बाद मृतका के घर में कोहराम मचा है। नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघी गांव के किला रोड निवासी डंगर मद्धेशिया की पत्नी बिलासा (38) पास में लगे नल से पानी भरने गई थी।
काशी नरेश के समय की बनी तहसील के जर्जर इमारत के एक हिस्से की दीवार अचानक भरभराकर बिलासा पर गिर पड़ी। परिजनों ने मलबा हटाकर बिलासा को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बिलासा को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। घटना की जानकारी होने पर तहसीलदार लालता प्रसाद मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
खाना बनाते समय फटा प्रेशर कुकर, मां-बेटी झुलसी
चकरघट्टा थाना क्षेत्र के देवरा गांव में खाना बनाते समय प्रेशर कुकर फटने से मां-बेटी झुलस गई। दोनों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। हादसे में मां और बेटी के हाथ बुरी तरह से झुल गए। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे इंदा (45) व बेटी गरिमा (20) रसोईघर में थे। उसी समय चूल्हे पर रखा प्रेशर कुकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। देखा तो इंदा और गरिमा बुरी तरह दर्द से कराह रहे थे। जिन्हें फौरन उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।