नौगढ़। बिहार की सीमा पर बसे नक्सल प्रभावित गहिला गांव के जंगल में अतिक्रमण कर बनाई गई दो दर्जन से अधिक झोपड़ियों को सोमवार की दोपहर वन विभाग की टीम ने ध्वस्त कर दिया। जिसपर पर वन विभाग के अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के डीएफओ दिनेश सिंह के निर्देश पर नौगढ़ रेंज के गहिला वन क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक कच्ची झोपड़ियों को नौगढ़, मझगांई और जयमोहनी रेंज के वन विभाग की टीम ने हटा दिया। अतिक्रमण हटवाने गए अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास करने पर वन संरक्षण अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने व जेल भेजने की चेतावनी दी है। वन क्षेत्राधिकारी रिजवान अली ने बताया कि काशी वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत नौगढ़ रेंज में आरक्षित वन भूमि पर कब्जा को लेकर अक्सर वन विभाग व वनवासी आमने- सामने होते रहते हैं। गहिला बीट के भैंसौडा़ कंपार्टमेंट नंबर 16 के आरक्षित वन क्षेत्र में प्राकृतिक वनस्पतियों को नष्ट करके कब्जा करने की सूचना मिलने पर वन दरोगा गुरदेव सिंह तथा ओंकार नाथ शुक्ला व अन्य वनकर्मियों के साथ कार्रवाई इस अभियान में वीरेंद्र पांडेय, पप्पू सोनकर, शिवपाल चौहान, प्रसिद्ध , सदानंद यादव, सचिन पांडेय व अन्य वन कर्मी मौजूद रहे।