पड़ाव। ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता उर्फ गड्डू ने क्षेत्रीय लोगों के साथ पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र दयालु से मिलकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से नई बस्ती तक पुराने जीटी रोड के दोनों तरफ पाथवे बनाने और नई बस्ती से पड़ाव चौराहे तक स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि रेलवे स्टेेशन से नई बस्ती तक जाम की समस्या विकराल हो गई है। पाथवे न होने की वजह से पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है। यदि सड़क के दोनों तरफ पाथवे बना दिया जाए तो बहुत हद तक जाम की समस्या से मुक्ति मिल सकती है। इसी तरह पीडीडीयू नगर के नई बस्ती से पड़ाव चौराहे तक स्ट्रीट लाइट नहीं है। इसी रास्ते पर एशिया की सबसे बड़ी कोयला मंडी चंदासी स्थित है। स्ट्रीट लाइट न होने से ट्रकों के हेड लाइट से बाइक सवारों को परेशानी होती है। इसी तरह निर्मल गांव के रूप में राष्ट्रपति सम्मान से पुरस्कृत जलीलपुर में नई बस्ती लाइनपार क्षेत्र में घनी आबादी के बावजूद पानी निकासी की व्यवस्था न होने से लोग परेशान हैं। ज्ञापन लेकर दयाशंकर मिश्र दयालु ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में अशोक विश्वकर्मा, संजय पासवान, राजेंद्र गुप्ता, प्रशांत श्रीवास्तव, प्रेमपाल अरोड़ा रहे।