बड़ी वारदात: चंदौली में चोरों ने बैंक से पार किए लाखों के गहने, 39 लॉकर टूटे मिले, बैंक में रखा कैश सुरक्षित
यूपी के चंदौली में इंडियन बैंक की शाखा में चोरों ने 39 लॉकर तोड़कर लाखों के गहने पार कर दिए। बैंक के उच्चाधिकारी और पुलिस मौके पर मौजूद हैं। मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
ठंड और घने कोहरे के साये में यूपी के चंदौली में हौसलाबुलंद चोरों ने रविवार रात मुख्यालय स्थित इंडियन बैंक की शाखा में सेंध लगा दी। चोरों ने लॉकर तोड़कर लाखों के गहने पार कर दिए। हालांकि कैश केबिन में रखी रकम पूरी तरह से सुरक्षित है। सोमवार सुबह बैंक खोलने पहुंचे कर्मचारियों को जब बैंक में चोरी की भनक तो लगी सभी अवाक रह गए।
सूचना पाकर बैंक के उच्चाधिकारी और पुलिस ने मौका मुआयना किया। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो बैंक में कैश केबिन एकदम सुरक्षित है। हालांकि आभूषण रखने वाले 39 लॉकरों के तोड़ने की बात सामने आ रही है। पुलिस के अफसर और बैंककर्मी बैंक का मेन गेट बंद करके अंदर मिलान कर रहे हैं।
दो जनवरी को बैंक ऑफ इंडिया में हुई थी चोरी
स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कुछ सामने आ सकेगा। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि 50 लाख से अधिक के आभूषणों पर चोरों ने हाथ साफ किया है। चंदौली में पुलिस की लाख सख्ती के बाद भी चोरों के होसले बुलंद है।
इससे पहले बीते दो जनवरी को मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरों ने सेंध लगाई थी। चोरों ने बैंक की छत काटकर चोरी को अंजाम दिया था। मामले में बताया गया था कि चोरों को जब नकदी नहीं मिली तो वो सिक्कों से भरी बोरी उठा कर ले गए थे। छानबीन करने पर पता चला कि दराज में रखा गया 28 हजार रुपये मूल्य का सिक्के गायब थे। कैश केबिन और लॉकर सुरक्षित था।