चंदौली में मछली पकड़ने को लेकर विवाद: दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, छह लोगों की हालत गंभीर
मामला चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का है। जहां तालाब में मछली पकड़ने को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। एक युवक जहां बैठकर मछली पकड़ता था, उसी जगह शनिवार को दूसरा युवक मौका देखकर बैठ गया और मछली पकड़ने लगा। इससे दोनों में विवाद के बाद मारपीट हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार की देर रात मछली पकड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। जिससे दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैयदराजा पहुंचाया। जहां छह घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव के तालाब में श्रीनिवास गुप्ता पिछले कई दिनों से मछली पकड़ रहा था। शनिवार की रात मौका देख उसी जगह पर उसका पट्टीदार संजय गुप्ता मछली पकड़ने लगा। कुछ देर बाद पहुंचे श्रीनिवास ने उस जगह मछली पकड़ने से मना किया। जिस पर संजय ने हटने से इनकार कर दिया।
इस पर श्रीनिवास ने संजय को थप्पड़ मार दिया। इसे लेकर दोनों में विवाद होने लगा और आसपास में भीड़ इकट्ठी हो गई। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक जा पहुंचा।
इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे चले। मारपीट के दौरान एक पक्ष के श्रीनिवास(46), चंदा देवी(42), लालमनी देवी(57), राकेश गुप्ता(19) और प्रदीप पासवान(26) और दूसरे पक्ष के मुकेश गुप्ता(30) और संजय गुप्ता(27) सहित दोनों पक्षों के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस और रामपुर चौकी प्रभारी जयकरन सरोज मौके पर पहुंच गए। घायलों को इलाज के लिए नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैयदराजा भेज दिया। जहां चिकित्सक ने मुकेश गुप्ता को प्राथमिक इलाज के बाद वापस घर भेज दिया। बाकी अन्य छह घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।