पीडीडीयू नगर। लद्दाख के गलवां घाटी में भारत चीन के एलएसी (लाइन आफ एक्च्यूअल कंट्रोल) को चीन द्वारा बदलने की कोशिश में हुई झड़प के दौरान बीस भारतीय सैनिकों की शहादत से पूरे देश में उबाल है। शुक्रवार को भी विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। जहां चाइनीज सामान की होली जलाई, वहीं चीनी राष्टपति का पुतला फूंका।इस दौरान चीन से सभी व्यापारिक रिश्ते खत्म करने की मांग की गई। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस नेता संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में नगर के जीटी रोड पर सुभाष पार्क के बाहर चीनी राष्ट्रपति चिनपिंग का पुतला दहन किया। इस दौरान चाइनीज झालर, मोबाइल, मांझा सहित अन्य सामान की होली जलाई। चीन से व्यापारिक रिश्ते बंद करने की मांग की गई। इस मौके पर मोहम्मद आसिफ, ब्रजेश गुप्ता, गोलू खरवार, अश्वनी गुप्ता, दीपक गुप्ता, राकेश चौधरी, दुसाल कुमार रहे। इसी तरह नंद बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने सुभाष पार्क के समीप जहां शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंका। इस दौरान चाइनिज वस्तुओं की होलिका जलाई। खिलाड़ियों ने अब चाइनीज वस्तुओं का इस्तेमाल न करने का संकल्प दोहराया। स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली के अध्यक्ष डॉ. अनिल यादव ने कहा कि चीन बहुत ही दुष्टता वाला कार्य किया है। चीनी राष्ट्रपति माफ करने लायक नहीं है और समय आ गया है कि चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करें,देश में निर्मित सामानों का ज्यादा प्रयोग करें। इस मौके पर नंदजी,ऋषिकेश यादव, रोहित यादव,अंकित,नीलम चौहान,हैप्पी सिंह,रामजनम,गौतम, मोहित,अनीश,सनी,रोशन,गोलू रहे। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर के गल्ला मंडी चौराहा पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनपिंग का पुतला फूंका। इस दौरान चीन मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर कला प्रसाद, प्रवीण चौबे, प्रमोद मौर्य, मुहमद सुलेमान, खुर्शीद अनवर रहे। पड़ाव संवाददाता के अनुसार भाजपा जिला मंत्री प्रमोद पटेल के नेतृत्व में भोजपुर में गलवां में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंका। इस दौरान लोगों से चीनी सामान का बहिष्कार का आह्वान किया। इस मौके पर अशोक पांडेय, दिलीप पटेल ,सुशील कुमार, श्याम बाबू, निखिल कुमार, इंद्रजीत पटेल, विनोद कुमार रहे।