चंदौली जनपद के कंदवा क्षेत्र के चिरईगांव में नौबतपुर-अरंगी मार्ग पर राधा-कृष्ण मंदिर के पास हो रहे जलभराव से आजिज ग्रामीणों ने सोमवार को जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि तत्काल समस्या का निदान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
नौबतपुर-अरंगी मार्ग पर चिरईगांव में काफी दिनों से जलभराव की समस्या बनी है। लोगों ने समस्या के निदान के लिए अधिकारियों व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना था कि मार्ग पर जलभराव होने से आवागमन करने और राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा करने जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गुहार के बाद भी समस्या का समाधान न होने से सोमवार को ग्रामीणों का धैर्य टूट गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ वे धरना प्रदर्शन और चक्का जाम करने को विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में भाकियू भानु के तहसील अध्यक्ष सुमंत सिंह अन्ना, ग्राम प्रधान अंगद यादव, जवाहिर यादव, सुधीर, देवेंद्र, मंगरू, मुहम्मदीन, इंद्रपाल, रामानंद, कमला, पप्पू, अवध नारायण शामिल रहे।