Chandauli Fire: ठूंठ से निकली चिंगारी से बगीचे में लगी आग, कई पौधे जलकर राख; घंटों मशक्कत के बाद पाया गया काबू
चंदौली जिले में रविवार को कई स्थानों पर आग लगने से काफी नुकसान हुआ। जिले के असना गांव में बगीचे में आग फैलने से आम व शीशम के पेड़ के साथ बंसवारी के बांस भी जलकर राख हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंदौली जिले के कंदवा क्षेत्र के असना गांव में रविवार को गेहूं की ठूंठ में आग लग गई। आग से निकली चिंगारी उड़कर पास के बगीचे में पहुंच गई जिससे बगीचे में भी आग फैल गई। आग से आम और शीशम के 12 से अधिक पेड़ों के साथ सैकड़ों बांस को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचना देने के साथ खुद आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रविवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे हरिवंश सिंह के बगीचे में ठूंठ से निकली चिंगारी से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में स्थित शंकर दयाल उपाध्याय और राम निवास उपाध्याय के बंसवारी को भी अपने चपेट में ले लिया। ग्रामीण मौके पर पहुंच कर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर दमकल विभाग भी मौके पर पहुंचा और करीब तीन घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक हरिवंश सिंह के छह आम और छह शीशम के पेड़ झुलस कर बर्बाद हो गए।
वहीं आग से शंकर दयाल उपाध्याय और रामनिवास उपाध्याय का सैकड़ों बांस के साथ काटकर रखे आधा दर्जन सूखे पेड़, उपले, पशुओं का चारा व कमलेश राम और अंगद राम का पुआल जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार भी गल कर एक पोल के साथ नीचे गिर गया। संयोग अच्छा था कि उस समय बिजली नहीं थी अन्यथा बड़ी घटना भी घट सकती थी। प्रभावित बागवानों ने आग से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है।
आम के साथ जले बागवान के अरमान
बाग में आम के पेड़ों पर लगे फलों को देख कर बागवान हरिवंश सिंह को इस बार बढ़िया पैदावार होने की उम्मीद थी। पेड़ भी फसल से लदे हुए थे लेकिन बगीचे में लगी आग ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है। तहसीलदार सदर अजीत सिंह का कहना है कि प्रभावित को सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा।
आग की चपेट में आकर गेहूं का डेढ़ सौ बोझ जला
कंदवा क्षेत्र के कुंवा गांव में रविवार की शाम चार बजे कृष्णा तिवारी के खलिहान में आग लगने से मड़ाई के लिए रखे गेहूं के डेढ़ सौ बोझ जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गेहूं के बोझ व पास की झोपड़ी जलकर राख हो गए थे।
राजकीय अस्पताल के पास कृष्णा तिवारी का गेहूं का बोझ मड़ाई के लिए रखा हुआ था। दोपहर में अचानक बोझ में आग लग गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और गेहूं के बोझ के साथ पास में स्थित रामलाल तिवारी की झोपड़ी को भी अपने चपेट में ले लिया। रामलाल के परिवार के लोगों ने बाहर भाग कर अपनी जान बचाई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गेहूं के बोझ के साथ झोपड़ी जलकर राख हो गई।
चुनावी मौसम में कार्रवाई न होने से जला दे रहे पराली
ददवा पर गांव में सौ बोझ गेहूं जला, सरने गांव में ठूंठ में लगी आग
अलीनगर थाना के सरने ग्राम पंचायत के ददवा पर गावं में रविवार की दोपहर में दो बजे आग से दलसिंगार प्रजापति का लगभग 100 बोझ गेहूं जल गया। वहीं आग से गांव में भरत बिंद का ढाई बीघा की पुआल जल गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची अग्नि शमन विभाग ने आग बुझाई। दूसरी तरफ सरने गांव में जलती सिगरेट फेंकने से राजेश्वर सिंह के खेत में गेहूं के ठूंठ में आग लग गई। आग उससे सटे गेहूं तक पहुंचती। इससे पहले ही अग्नि शमन दल ने आग बुझा दी। इससे लगभग छह बीघा फसल जलने से बच गई। आग लगने से अरूणेश सिंह, गोविंद सिंह, सोनू की ढाई बीघा पराली जल गया।