Lok Sabha Election 2024: BJP ने चंदौली से तीसरी बार डॉ. महेंद्रनाथ को बनाया प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं में खुशी
Lok Sabha Election 2024: डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय सबसे पहले वे वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में चंदौली सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर निर्वाचित हुए थे। 2019 में वह 17वीं लोकसभा में चंदौली से दोबारा सांसद चुने गए, जिसके बाद उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में ‘कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री’ बनाया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को देश के 195 सीटों पर लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा की। देश के आखिरी जिले चंदौली से डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय को लगातार तीसरी बार प्रत्याशी बनाया गया है। डॉ. पांडेय वर्तमान समय में केंद्रीय भारी उद्याग मंत्री हैं। शनिवार को भी वे चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर रहे थे। इसी बीच टिकट फाइनल होने की सूचना के बाद कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे।
महेंद्र नाथ पांडेय का जन्म 15 अक्टूबर, 1948 को गाजीपुर के पखनपुर गांव में हुआ था।अपनी शिक्षा उन्होंने वाराणसी से प्राप्त की है। उन्होंने पत्रकारिता में मास्टर डिग्री के साथ-साथ पीएचडी भी किया है। शिक्षा पूरी करने के बाद वह छात्र राजनीति में सक्रिय हो गये। महेंद्र नाथ पांडेय सीएम एंग्लो बंगाली इण्टर कॉलेज में 1973 में अध्यक्ष चुने गए और 1978 में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के महामंत्री बने।
सबसे पहले वे वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में चंदौली सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर निर्वाचित हुए थे। 2019 में वह 17वीं लोकसभा में चंदौली से दोबारा सांसद चुने गए, जिसके बाद उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में ‘कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री’ बनाया गया था, किंतु सात जुलाई, 2021 को मोदी मंत्रिमंडल में विस्तार तथा फेरबदल के बाद महेंद्र नाथ पांडेय को ‘भारी उद्योग मंत्रालय’ का दायित्व दिया गया है।
दो बार सपा प्रत्याशी को दी मात
चंदौली में लोकसभा चुनाव, 2019 में उनके मुकाबले सपा-बसपा गठबंधन के संजय सिंह चौहान और जअपा-कांग्रेस गठबंधन की शिवकन्या कुशवाहा चुनावी मैदान पर रहे। चुनाव में डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को पांच लाख 10 हजार 733 वोट मिले। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन के संजय सिंह चौहान को 13 हजार 959 वोट के अंतर से हराया।
चंदौली सीट के मतदाताओं ने उन्हें दोबारा सांसद चुनकर लोकसभा में भेजने का काम किया। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने 16 साल बाद इस सीट से भाजपा को जीत दिलाई थी। पिछली बार डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को 4 लाख 14 हजार 135 वोट मिले थे। उन्होंने बसपा प्रत्याशी अनिल कुमार मौर्या को एक लाख 56 हजार 756 वोट के भारी अंतर से हराया था।
राजनीतिक इतिहास
- वर्ष 1978 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े।
- 1975-1976 में एवीबीपी के वाराणसी जिला संयोजक रहे।
- 1985-1986 में भाजयुमो का प्रदेश मंत्री बनाया।
- 1987 में भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य चुने गए।
- पहली बार 1991 में सैदपुर (गाजीपुर) विधानसभा से वह विधायक चुने गए। वहीं 1996 में भी दोबारा सैदपुर का प्रतिनिधित्व किया।
- महेंद्र नाथ पांडेय उत्तर प्रदेश विधान मंडल के मंत्री रहे। भाजपा-बसपा गठबंधन सरकार में आवास एवं नगर विकास राज्यमंत्री, मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल में नियोजन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे।
- प्रदेश में राजनाथ सिंह व स्वर्गीय रामप्रकाश गुप्ता के कार्यकाल में पंचायती राज्य मंत्री रहे।
- वह पहली बार 2014 में चंदौली से सांसद चुने गए थे।
- 2019 में वह दुबारा सांसद बने और पहली बार कैबिनेट मंत्री बनाए गए।