नौगढ़। नौगढ़ थाना क्षेत्र के गोड़टुटवा मोड़ के पास शनिवार की रात भूसा लदी एक मैजिक वाहन में मोटरसाइकिल सवार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की जिला हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर शाहपुर गांव में कोहराम मच गया।
चकिया पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी थाने के चौकीदार महेंद्र का बेटा पप्पू (25) देवखत गांव में भगवती राम के बेटे संतोष की शादी में शामिल होने आया था। रात के समय वह बाइक से ही बारात में शामिल होने के लिए जा रहा था। महेंद्र की बाइक पर परशुराम (32) पुत्र भुवनेश्वर निवासी डिघार थाना अधौरा जनपद कैमूर और राज गौरी राम (40) रामधनी निवासी कोल्हुआ, भभुआ, बिहार भी सवार थे। उसकी बाइक जब गोड़टुटवा मोड़ के समीप पहुंची तो, अनियंत्रित होकर भूसा लदी मैजिक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी को जिला हॉस्पिटल चकिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य बाइक सवार परशुराम राज, गौरी राम को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया। मौत का समाचार मिलते ही उसकी पत्नी उर्मिला बेहोश हो गई। उसके दो संताने आदित्य 6 साल और बेटी विद्या दो साल की है।