पड़ाव। भीषण पड़ रही गर्मी को देखते हुए क्षेत्र के सूजाबाद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने बृहस्पतिवार को नगर पंचायत क्षेत्र में आठ स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था कराई। इस दौरान घड़े व पानी पीने के पात्र रखवाए गए।
इन दिनों चिलचिलाती धूप, उमस व लू के चलते राहगीरों व बाजार आने वाले लोगों को पानी के लिए दिक्कत उठानी पड़ रही थी। लोगों ने सूजाबाद नगर पंचायत से क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था कराए जाने की मांग की थी। इसे देखते हुए नगर पंचायत के ईओ ने क्षेत्र के डोमरी गांव स्थित हनुमान मंदिर, पड़ाव चौराहे पर जीटी रोड के किनारे के हनुमान मंदिर के समीप, पेट्रोल पंप के समीप, बलधर बाबा मंदिर के पास, सूजाबाद पानी टंकी के पास, पोलाव शहीद मजार के पास, मुंडवारे बाबा मंदिर के मंदिर के पास, श्मशान घाट के पास सहित अन्य स्थानों पर राहगीरों के लिए घड़े की व्यवस्था कराई। अधिशासी अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर में तेज गर्म हवा चलने से प्यास के मारे लोग इधर-उधर पानी की तलाश में भटकते रहते हैं। कहीं पानी नहीं मिल पा रहा था । इसी को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से जगह-जगह पर घड़े रखवा का जल भर कर पानी पीने की व्यवस्था कराई गई है। सुबह शाम घड़ों में पानी भरने के लिए कर्मचारी की ड्यूटी भी लगा दी गई है।