सकलडीहा। प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरा होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गांवों में चौपाल के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां बताई गईं। कार्यक्रम के तहत रविवार को क्षेत्र के महेसुआ गांव में जनचौपाल के माध्यम से भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी ने ग्रामीणों सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण कराने का भरोसा दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साढ़े चार साल की सरकार में हर वर्ग के लोगों को लाभ मिला है। नौकरी से लेकर, शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और उद्योग धंधे लगाये गए हैं। वर्षों से न्यायालय में लंबित श्रीराम मंदिर का निर्माण फैसला आने के बाद कराया जा रहा है। हर घर उज्जवला गैस योजना का लाभ दिलाने के साथ महिलाओं को समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया गया। हर गांव में पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय और प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास लाभार्थियों को दिए गए। जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास व प्रयास से प्रदेश का चौमुखी विकास हो रहा है। इसके पूर्व गांव के ग्रामीणों की बिजली सहित अन्य समस्याओं को अधिकारियों के माध्यम से दूर कराने का भरोसा दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, सतीश तिवारी, विजय यादव, रंजय पांडेय, जयप्रकाश चौहान आदि मौजूद रहे।