{"_id":"68369","slug":"Chandauli-68369-58","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली
Chandauli
Updated Thu, 12 Jul 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के ताराजीवनपुर चौकी क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर पोखरा के समीप बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार की रात आठ बजे रोजगार सेवक सुरेन्द्र कुमार पांडेय (30) को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली मारने के बाद तीन हमलावर एक ही बाइक से भाग निकले। सुरेंद्र पांडेय का गांव रूपेठा घटनास्थल से चार किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को वाराणसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अलीनगर थाना क्षेत्र के रूपेठा गांव का रहने वाला सुरेंद्र पांडेय रोजगार सेवक है। पिता केशवानंद पांडेय अलीनगर स्थित एक कालेज में लाइब्रेरियन थे। वह रिटायर हो गए हैं। सुरेंद्र्र का बड़ा भाई सकलडीहा स्थित एक एटीएम में गार्ड है। एक भाई भूपेंद्र पांडेय भी एक कालेज मे क्लर्क है। सुरेंद्र गांव के दो लोगों के साथ कोयले का काम शुरू करना चाहता था। इसी सिलसिले में वह बुधवार को अपनी नई पल्सर बाइक से मुगलसराय गया था। सुरेंद्र के मुताबिक घर से करीब चार किलोमीटर पहले कैली, खैरूद्दीनपुर पोखरे के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। गाली देते हुए कहा कि ज्यादा नेतागिरी कर रहे हो। तीनों के हाथ में असलहा देख सुरेंद्र बाइक छोड़ भागने लगा। इसी बीच बदमाशों ने फायर झोंक दिया। शोर सुन जब तक लोग मौके पर जुटते बदमाश बाइक से भाग निकले। सुरेंद्र ने ही गांव के प्रधान, सौ नंबर पर पुलिस और अपने एक दोस्त को फोन कर घटना की जानकारी दी। रात करीब नौ बजे परिजन सुरेंद्र को मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले कर पहुंचे। उसके सीने और हाथ में गोली लगी है। सुरेंद्र और उसके पिता के मुताबिक उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। लूट की नियत से हमला नहीं किया गया। चर्चा रही कि बदमाश मुगलसराय से ही सुरेंद्र के पीछे लगे थे। आसपास के लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है। सुरेंद्र रूपेठा गांव के पूर्व प्रधान संजय कुमार पांडेय का चचेरा भाई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर अलीनगर थाना प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव पहुंच गए। उन्होंने कहा कि बदमाशों द्वारा गोली चलाई गई। सुरेन्द्र पांडेय के दाहिने हाथ की कलाई में गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन