इलिया। जिला पंचायत निधि से कस्बे में निर्माणाधीन अंडर ग्राउंड सीवर व सड़क निर्माण के लिए गड्ढा खोदकर काम बीच में ही बंद कर दिए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शिवाला के समीप कस्बे में प्रदर्शन किया। चेतावनी दी की शीघ्र निर्माण नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। कस्बे में क्षतिग्रस्त नाली व सड़क मरम्मत के लिए जिला पंचायत निधि से दो करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए। इसमें लगभग 500 मीटर अंडर ग्राउंड सीवर ह्यूम पाइप युक्त नाली व सीसी रोड का निर्माण किया जाना है। निर्माण के लिए नवंबर माह में ही कस्बे की गलियों में खोदाई की गई। खोदे गए कुछ हिस्सों में ह्यूम पाइप बिछा भी दी गई। इसके बाद पुलिस चौकी के समीप से शिवाला तक पिछले दो महीने से गड्ढा खोदकर छोड़ दिए जाने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। शिकायत के बाद भी निर्माण कार्य पिछले एक पखवारे से बंद है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई परिवार में बेटियों की शादी पड़ी है। ऐसे में बारात व बारातियों के आने-जाने में परेशानी होगी। चेतावनी दी कि अगर तत्काल निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्यामजी सिंह ने कहा कि अंडरग्राउंड नालियों व सीसी रोड का निर्माण लगातार कराया जा रहा है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद हसन, मुस्तफा, हरी केशरी, निजाम, विष्णु, इस्तेखार, खलील, अब्दुल्ला, भिखारी शर्मा, एकलाक अहमद, नूरजहां, तैबुननिशा, रुखसाना बानो शामिल रहे।