बुलंदशहर। दिल्ली में मांगों को लेकर धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में रालोद कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए रालोद कार्यकर्ताओं ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। मांग की है कि पहलवानों का शोषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए, ताकि देश का गौरव बढ़ाने वालों के साथ भविष्य में अन्याय न हो।
रालोद कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पंकज प्रधान के नेतृत्व में मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पंकज प्रधान ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर में देश के पहलवान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि पहलवानों के शोषण के आरोपी डब्ल्यूएफआइ (रैसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) के अध्यक्ष और सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और पॉक्सो एक्ट में एफआईआर के बाद भी अभी तक न तो आरोपी को गिरफ्तार किया है और न ही संसद की सदस्यता खत्म की है। मांग की है कि आरोपी की संसद सदस्यता खत्म करते हुए तत्काल जेल भेजा जाए। साथ ही नार्को टेस्ट कराया जाए, ताकि अन्य खिलाड़ियों के साथ किए गए कृत्य भी सामने आ सकें। डा. कुंवर वीर सिंह ने कहा कि यदि देश के पहलवानों को न्याय नहीं मिलता है तो इसके खिलाफ रालोद कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा भाकियू अराजनैतिक असली के पदाधिकारियों ने भी पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। महिला जिलाध्यक्ष नीशू चौधरी ने कहा कि महिला पहलवानों की इज्जत पर हाथ डालने वाले को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। मौके पर विजेंद्र सिंह, अरुण चौधरी, भवतोष चौधरी, सुनील चरौरा, सुशील गुर्जर, डॉ. मांगेराम सिंह, भागमल सिंह, नावेद मियां, नीशू चौधरी, भूपेंद्र चौधरी और विशाल चौधरी मौजूद रहे।