Bulandshahar: बच्चों को डांटने पर आगबबूला हो गए परिजन, बुजुर्ग को लाठी-डंडों से पीटकर उतारा मौत के घाट
आरोपियों ने जमीन पर गिरे रघुवीर सिंह (62) को लाठी-डंडों से जमकर पीटा, इससे रघुवीर मौके पर ही बेसुध हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रघुवीर ने दम तोड़ दिया।
विस्तार
रेत से खेल रहे बच्चों को डांटने पर सुल्तानपुर बिलोनी गांव में बुजुर्ग रघुवीर सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात बुधवार शाम की है, तहरीर देने के बाद भी बृहस्पतिवार तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर बिलोनी निवासी रविंद्र की गांव में मंदिर के पास जमीन है। वहां पर उनका रेत रखा हुआ था। बुधवार शाम को एक ही घर के दो बच्चे रेत से खेल रहे थे। इससे रेत बिखर रहा था। इस दौरान वहां पहुंचे रविंद्र के पिता रघुवीर सिंह (62) ने दोनों बच्चों को डांटकर भगा दिया। इसके बाद बच्चे रोते हुए अपने घर पहुंचे और धमकाने की जानकारी दी। इससे आगबबूला बच्चों के परिजन रघुवीर से आपत्ति दर्ज कराने पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान बच्चों के परिजनों ने एक ईंट उठाकर रघुवीर को मार दिया।
रघुवीर के चचेरे भाई होडल सिंह ने बताया कि सीने पर ईंट लगने से रघुवीर गिर गए। आरोपियों ने जमीन पर गिरे रघुवीर को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इससे रघुवीर मौके पर ही बेसुध हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रघुवीर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के शरीर में कई चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
दोनों पक्षों में अच्छे थे संबंध
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक और आरोपी परिवार के बीच संबंध अच्छे थे। बताया जा रहा है कि रघुवीर के बच्चों को डांटने से आरोपी आगबबूला हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि उम्मीद नहीं थी कि बच्चों को डांटने का विवाद इतना बड़ा हो जाएगा। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को मारपीट करने से रोका था, लेकिन वह नहीं माने।
पुलिस और ग्रामीण करते रहे समझौते का प्रयास
रघुवीर की हत्या के बाद ग्रामीण दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास करते रहे। थाना पुलिस ने भी इस प्रकरण में कार्रवाई करने में कोई खास रुचि नहीं दिखाई। पुलिस दिनभर कहती रही कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के दूसरे दिन भी रिपोर्ट नहीं लिखी जा सकी है।
मामले की शिकायत मिली है। जांच के बाद जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी। - वरुण कुमार सिंह, सीओ, शिकारपुर