वेतन न मिलने पर सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन
शिकारपुर । सफाई कर्मचारी यूनियन (सीटू) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर नगर पालिका कर्मचारियों ने टंकी परिसर में सभा करके जोरदार प्रदर्शन किया। सीटू के जिलाध्यक्ष सुरेशचंद ने कहा कि नगर पालिका पर गत दो माह का वेतन बकाया पड़ा है। कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित दर से वेतन नहीं दिया जा रहा है। साप्ताहिक अवकाश भी नियम के अनुसार नहीं मिल रहा है। संविदा कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारी घोषित किए जाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि जब संविदा कर्मचारियों से पूरा काम लिया जा रहा है तो वे स्थायी कर्मचारी क्यों नहीं घोषित किए जा रहे हैं। उन्हें स्थायी कर्मचारियों के बराबर वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा है। सुरेशचंद ने नगर पालिका के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने कर्मचारियों के साथ हुए समझौते का पालन नहीं किया है। यूनियन की ओर से मांगपत्र दिया जा चुका है। परंतु अभी तक पालिका प्रशासन ने वार्ता नहीं बुलाई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पालिका प्रशासन ने समस्याओं को हल नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। बाद में उपजिलाधिकारी को संबोधित मांगो का एक ज्ञापन अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार को दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बबलू कुमार ने तथा संचालन संजय करोतिया ने किया। प्रदर्शन करने वालों में रमेशचंद खैर, संजय मरोठिया, पंकज कुमार, राजेश देवी, राजकुमारी, उर्मिला, प्रमोद कुमार, सोनू, बबली देवी, जग्गू, गौरव आदि शामिल रहे।