फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   जिले में तीन युवती समेत 12 महिलाओं की फिर कटी चोटी

जिले में तीन युवती समेत 12 महिलाओं की फिर कटी चोटी

Tue, 08 Aug 2017 11:16 PM IST
Updated Tue, 08 Aug 2017 11:16 PM IST
विज्ञापन
जिले में तीन युवती समेत 12 महिलाओं की फिर कटी चोटी
तीन युवतियों समेत 11 महिलाओं की फिर कटी चोटी
विज्ञापन

- बुलंदशहर, अनूपशहर, जहांगीराबाद, सिकंदराबाद, खुर्जा और अरनिया में हुईं घटनाएं
- चोटी कटने के बाद तीन महिलाओं की हालत बिगड़ी, हॉस्पिटल में भर्ती
- लगातार हो रही घटनाओं से चारों ओर दहशत का माहौल
- पुलिस अफवाह बताकर ध्यान न देने की कर रही अपील
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जनपद में महिलाओं/युवतियों की चोटियां कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात से लेकर मंगलवार दोपहर तक अलग-अलग स्थानों पर आठ महिलाओं और तीन युवतियों समेत 11 की चोटियां कट गईं। वहीं एक महिला अपनी चोटी बचाने में कामयाब हो गई। घटना के बाद कुछ महिलाओं-युवतियों की हालत बिगड़ गई और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। क्षेत्र में अफवाहें और अंधविश्वास भरी चर्चाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोग रात भर पहरा दे रहे हैं। पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं।
केस-1, खुर्जा: मोहल्ला शेख साहबान
सोमवार रात खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेख साहबान निवासी शहनाज पत्नी मुजाहिद अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान शहनाज के बालों में कुछ कीड़ा चलने जैसा महसूस हुआ। शहनाज ने देखा कि उसकी चोटी कट गई है। इस घटना से शहनाज शोर मचाते हुए भागी और परिवार के लोगों को बताया। पीड़ित शहनाज और परिवार के लोगों में दहशत है।
विज्ञापन

केस-2, खुर्जा: मोहल्ला होली ब्रह्मनान
खुर्जा नगर के मोहल्ला होली ब्रह्मनान निवासी शशि पत्नी सुभाषचंद्र दोपहर तीन बजे जेवर अड्डा स्थित एक चिकित्सक की क्लीनिक पर गई थी। रास्ते में लौटते समय अचानक शशि की चोटी कटकर नीचे गिर पड़ी। इससे शशि बुरी तरह से डर गई। घर पहुंचकर शशि ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस घटना से शशि और उनके परिजन काफी डरे हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

केस-3, अरनिया: मुनि गांव
सोमवार रात अरनिया क्षेत्र के गांव मुनि निवासी पूजा (18) पुत्री स्वर्गीय सतीश अपने घर पर सो रही थी। देर रात अचानक पूजा को महसूस हुआ कि कोई उसके बाल खींच रहा है। इससे डर कर पूजा चीख पड़ी। चीख सुनकर पास में ही सो रही मां सोमवती ने देखा कि पूजा की चोटी कटी हुई है। इस घटना के बाद मां और बेटी बुरी तरह डर गईं। पूरी रात दोनों जागती रहीं। हालांकि उन्होंने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी।
केस-4, अरनिया: मुनि गांव
अरनिया क्षेत्र के गांव मुनि निवासी नीलम पत्नी नरेश मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खाना बनाने के बाद अपने घर पर बर्तन साफ कर रही थी। इस दौरान नीलम को लगा किसी ने उसे धक्का दिया हो। इससे वह बुरी तरह डर गई और चीख पड़ी। पीछे मुड़कर देखा तो उसकी चोटी गिरकर नीचे पड़ी थी। घटना के बाद नीलम बेहोश हो गई। चीख सुनकर परिजनों ने आकर देखा तो उनके भी होश उड़ गए। आनन-फानन में नीलम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई थी।
केस-5, जहांगीराबाद: मोहल्ला खाकरोबान
जहांगीराबाद के मोहल्ला खाकरोबान में मंगलवार सुबह पांच बजे रामवीरी पुत्री श्यौपाल सिंह की चोटी कट गई। रामवीरी की हालत खराब है। वहीं दूसरी घटना मोहल्ला रोगनग्रान में हुई। मंगलवार सुबह छत पर कपड़े सुखाते समय पूनम पत्नी लक्खीराम गिरी की चोटी कट गई। चोटी कटते ही वह बेहोश हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केस-7: खानपुर: गांव शेखपुर गढ़वा
खानपुर थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर गढ़वा निवासी सुधीर जाट की पत्नी बीना सोमवार रात अपने पड़ोस में ही प्रकाश के मकान पर गीतों में शामिल होने के लिए गई थीं। इस दौरान अचानक बीना की चोटी कट गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। चोटी कटने पर अन्य महिलाओं में भगदड़ मच गई। भगदड़ को देख ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पीड़ित महिला के परिजनों ने उसे गांव में ही उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया। होश आने पर महिला ने बताया कि किसी ने उसकी चोटी खींची। उसने पीछे मुड़कर देखा तो चोटी कटी पड़ी थी। इसके बाद वह बेहोश हो गई। ग्राम प्रधान पति अमित कुमार ने बताया कि गांव में बुधवार रात से पहरा चालू कर दिया जाएगा।
केस-8, अनूपशहर: गांव तोरई
अनूपशहर क्षेत्र के गांव तोरई में बाला पत्नी ज्ञानचंद ट्रॉली में पड़े तख्त पर सोई हुई थी। मंगलवार तड़के परिजनों ने देखा कि बाला की चोटी का कुछ हिस्सा कटा पड़ा हुआ है। इससे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस भी इसकी सूचना दी। अनूपशहर तहसील क्षेत्र में अब तक संदिग्ध परिस्थितियों मेें एक साधु सहित नौ महिलाओं व युवतियों की चोटी कटने की घटना हो चुकी है।
केस-9, सिकंदराबाद
सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरीवाड़ा निवासी नगमा पुत्री स्वर्गीय यामीन ने बताया कि तड़के तीन बजे उसने डरावना सपना देखा। आंख खुली तो उसकी चोटी कटी हुई थी। वहीं कोतवाली क्षेत्र के गांव कांवरा निवासी रूबीना पत्नी आमिर व मसौता निवासी सलोनी पत्नी जितेंद्र ने बताया कि तड़के जब वह जगे तो उनकी चोटी कटी मिली। चोटी कटने से पीड़ित सदमे में हैं। परिजन पीड़िताओं का घर पर ही उपचार करा रहे हैं।

रोशनी ने बचा ली अपनी चोटी
सोमवार रात दस बजे ग्राम अमरगढ़ में विक्रम सिंह जाटव की पत्नी रोशनी देवी घर की छत पर आराम कर रही थीं। पास में ही जिठानी मोनिका देवी भी लेटी थीं। बकौल रोशनी अचानक कुत्ते जैसी आकृति आई और उसके बालों को काटने का प्रयास किया। रोशनी ने जूड़ा बने बालों को कस कर पकड़ लिया। उसने बताया कि आकृति ने उसके हाथ को मरोड़ने का भी प्रयास किया, जिससे उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर नीचे घर में खाना खा रहे परिजन छत पर पहुंचे तो रोशनी जानकारी देकर बेहोश हो गई। काफी देर बाद उसे होश आया।

घरों के बाहर लगा रहे मेहंदी के छापे
बुगरासी। कस्बा क्षेत्र के कई गांवों में चोटी कटने की अफवाह भी जमकर फैल रही है। महिलाओं में भय है और चोटी कटने के भय से टोने-टोटकों का भी सहारा लिया जा रहा है। काफी घरों के बाहर मेहंदी के छापे और नीम की टहनी लगाई गई हैं।

पहले गाजियाबाद की बंदर आने की अफवाह फिर कस्बा क्षेत्र में बहू द्वारा सास को जलेबी देने की अफवाह, नमक में तेजी की अफवाह, रात्रि में चुड़ैल के आने की अफवाह के बाद अब चोटी कटने की अफवाह भी क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। लगभग दो वर्ष पहले कस्बा क्षेत्र में चुड़ैल के रात में आने की अफवाह फैली थी। लोगों ने इससे बचने के लिए घर के बाहर छापे और नीम की टहनी लगा दी थीं। चोटी कटने की घटनाओं में भले ही क्षेत्र में किसी भी प्रकार की घटना न हुई हो लेकिन महिलाओं में भय और क्षेत्र में अफवाह तेजी से फैल रही है। इससे बचने के लिए अब लोगों ने टोने-टोटकों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। लोगों का मानना है कि मेंहदी के छापे और नीम की टहनी लगाने से घटना नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed